58 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

टीवी एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का कुछ दिन पहले कार्डियक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया था। शेफाली इंडस्ट्री में ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर थीं। उनके निधन के बाद इस गाने के मेकर्स राधिका राव और विनय सप्रू ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वो इस सॉन्ग के हमेशा के लिए रिटायर कर रहे हैं। अब इसका कभी भी रीमेक नहीं बनेगा। मेकर्स के इस फैसले पर गायिका सोना मोहपात्रा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बिना नाम लिए अपने सोशल मीडिया में इस बात के लिए दोनों को लताड़ा है।
सोना स्टोरी में लिखती हैं- ‘तीन लीजेंड ने मिलकर कांटा लगा बनाया। कंपोजर, गीतकार और सिंगर- आरडी बर्मन, मजरूह सुल्तानपुरी, लता मंगेशकर। खुद को मेकर्स कहने वाले लोगों ने इस गाने को रिटायर किया है। यह एक मौत से पीआर पाने की कोशिश है। (वायरल बी एक पेड साइट है)। दो लोगों ने 19 साल की लड़की के साथ रीमिक्स करके बेहूदा गाना बनाया। (जाहिर है कि इन्होंने ऐसा करने से पहले लीजेंड से इजाजत नहीं ली होगी।) 42 साल की महिला की आत्मा को शांति मिले लेकिन लीगेसी का क्या?’
सोना के इस पोस्ट के लिए उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।
दरअसल, राधिका राव और विनय सप्रू ने 3 जुलाई को अपने इंस्टाग्राम पर शेफाली जरीवाला को याद करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा, कल प्रार्थना सभा थी। आखिरी अलविदा कहने का समय। वह हमेशा कहती थीं कि वह अकेली और एकमात्र ‘कांटा लगा’ गर्ल बनना चाहती हैं। इसलिए हमने कभी इसका सीक्वल नहीं बनाया और अब कभी नहीं बनाएंगे। हम ‘कांटा लगा’ को हमेशा के लिए रिटायर कर रहे हैं। यह गाना हमेशा से शेफाली का था और हमेशा उसका ही रहेगा।
कैसे मिला था शेफाली को ‘कांटा लगा’ सॉन्ग?
ANI से बात करते हुए विनय सप्रू ने बताया था कि कैसे उन्होंने कांटा लगा के लिए शेफाली को कास्ट किया था। उन्होंने कहा, ‘हमारा सफर मुंबई के लिंकिंग रोड से शुरू हुआ था। राधिका और मैं लिंकिंग रोड, बांद्रा पर ड्राइव कर रहे थे और हम एक जंगल से गुजर रहे थे। हमने देखा कि एक युवती अपनी मां को गले लगाए हुए स्कूटर पर रास्ता पार कर रही थी। जैसे ही हम वहां से गुजरे, राधिका को लगा कि वह लड़की बहुत खास है। तो हम रुके और उससे पूछा कि क्या वह हमारे ऑफिस आएगी। और यहीं से हमारा सफर शुरू हुआ।’