31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांटा लगा गर्ल के नाम से पॉपुलर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 27 जून की देर रात निधन हो गया। 28 जून की शाम शेफाली का अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान भूमि में हुआ। आज शेफाली के पति पराग त्यागी उनकी अस्थियां लेने श्मशान भूमि पहुंचे, जहां वो अस्थियां थामे रो पड़े।
सामने आए वीडियो में पराग त्यागी ओशिवारा श्मशान भूमि से निकलते नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में शेफाली की अस्थियां हैं। वो अस्थियां सीने से लगाए फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं। वहीं साथ में मौजूद परिवार उन्हें सहारा दे रहा है।
समुद्र में शेफाली की अस्थियां विसर्जित की गईं
रविवार को शेफाली के पति पराग और परिवार उनकी अस्थियां लेकर मुंबई स्थित बीच पर पहुंचे, जहां समुद्र की तेज लहरों में उनकी अस्थियां विसर्जित की गईं। शेफाली निधन के समय महज 42 साल की थीं।
27 जून को देर रात शेफाली को अस्पताल लेकर पहुंचे थे पराग
शेफाली जरीवाला की 27 जून की देर रात तबीयत बिगड़ गई थी। पति पराग समेत 3 लोग उन्हें अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने पुष्टि की थी कि शेफाली को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया था। फिलहाल उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है, हालांकि रिपोर्ट्स में एक्ट्रेस के निधन की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है।
शेफाली का अंतिम संस्कार 28 जून को ओशिवारा के श्मशान घाट पर किया गया। इस दौरान उनकी मां को हिंदुस्तानी भाऊ ने संभाला। वहीं, पराग ने भावुक होकर मीडिया से कहा, ‘मजाक या ड्रामा मत करिएगा, मेरी परी के लिए प्रे करिएगा। वो जहां भी रहे शांति से रहें।’
शेफाली के अंतिम संस्कार में हिंदुस्तानी भाऊ शामिल हुए।
शेफाली के अंतिम संस्कार में टीवी इंडस्ट्री से कई सेलेब्स शामिल हुए थे।
संगीतकार हरमीत सिंह से की थी पहली शादी
शेफाली जरीवाला ने 2004 में मीत ब्रदर्स जोड़ी के संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी। 2009 में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद 2015 में एक्टर पराग त्यागी से शादी कर ली थी।
शेफाली अपने पहले पति हरमीत सिंह के साथ।
15 साल की उम्र में पड़ा था मिर्गी का दौरा
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि उन्हें 15 साल की उम्र मिर्गी का दौरा पड़ा था। तनाव और चिंता की स्थिति में उन्हें दौरे आते थे। हालांकि, बाद में उन्होंने योग और रोजाना एक्सरसाइज करना शुरू किया, जिससे उनकी तबीयत बेहतर होने लगी और मिर्गी के दौरे आना बंद हो गए।
म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी शुरुआत
शेफाली ने अपने करियर की शुरुआत 19 साल की उम्र में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इस गाने में उनके बोल्ड अंदाज और डांसिंग स्टाइल ने लोगों का ध्यान खींचा था।
इसके बाद उन्होंने कुछ और म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में काम किया। साल 2004 में वे सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी नजर आई थीं। इसके अलावा उन्हें कन्नड़ फिल्म ‘हुडुगारू’ में भी देखा गया था। शेफाली ने कई डांस रियलिटी शोज में हिस्सा लिया। वहीं, नच बलिए में अपने पति पराग त्यागी के साथ नजर आई थीं।
शेफाली ने वेब सीरीज बेबी कम ना में भी काम किया। इसमें श्रेयस तलपड़े, किकू शारदा और चंकी पांडे भी नजर आए थे।
‘बिग बॉस 13’ में ली थी वाइल्ड कार्ड एंट्री
शेफाली जरीवाला ने 2019 में बिग बॉस 13 में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी, जहां उन्हें अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ शुक्ला के साथ अच्छा बॉन्ड शेयर करते देखा गया था। बता दें कि सिद्धार्थ शुक्ला का भी निधन 2021 में कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ था।