पंजाबी फिल्मों की एक्ट्रेस तानिया कंबोज के पिता को क्लीनिक में घुसकर गोली मारी गई। तानिया का नाम पंजाब की टॉप एक्ट्रेस में शुमार है। – फाइल फोटो
एमी विर्क, गिप्पी ग्रेवाल, गुरनाम भुल्लर जैसे बड़े पंजाबी एक्टर्स की फिल्मों की हीरोइन तानिया कंबोज उर्फ तानिया के डॉक्टर पिता अनिल जीत सिंह कंबोज पर बीते शुक्रवार को उनके क्लीनिक पर हमला हुआ। उन्हें मरीज बनकर क्लीनिक में आए दो युवकों ने गोलियां मारीं
.
इस वारदात के बाद से एक्ट्रेस तानिया का नाम इंटरनेट पर काफी सर्च किया जा रहा है। यूजर्स खोज रहे हैं कि तानिया कौन हैं, किन फिल्मों में इन्होंने काम किया, इनकी क्या उपलब्धियां हैं?
उनके लिए मोटी जानकारी तो यह है कि एमी विर्क की ब्लॉकबस्टर फिल्म किस्मत से तानिया ने फिल्मों में डेब्यू किया था। तानिया को पहला लीड रोल भी एमी विर्क के साथ ही मिला। तानिया को बॉलीवुड फिल्म का भी ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया।
आइए विस्तार से जानते हैं तानिया की पढ़ाई से लेकर एक्ट्रेस बनने और नाम कमाने तक की कहानी…
सबसे पहले 2 पॉइंट्स में जानिए, तानिया के पिता पर गोली क्यों चली…
- पुलिस के मुताबिक, तानिया के पिता अनिल जीत सिंह कंबोज पर मोगा के कोट इसे खां इलाके के हरबंस नर्सिंग होम में गोली चली है। शुक्रवार को उनके क्लीनिक में दो युवक मरीज बनकर आए। उनमें एक युवक अपनी जांच करवा रहा था, इतने में सामने खड़े युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
- डॉक्टर को 2 गोलियां लगी हैं। एक पेट में और दूसरी सीने पर। यह घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हो गई। जांच में सामने आया है कि एक्ट्रेस के परिवार से आतंकी लखबीर सिंह उर्फ लांडा के नाम पर 1 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। हालांकि, परिवार ने मांग पूरी नहीं की, इसलिए डॉक्टर पर फायरिंग हुई है।
देखिए, फायरिंग के 3 PHOTOS…
पगड़ी पहने 2 युवक डॉक्टर अनिल जीत सिंह कंबोज के क्लीनिक में आए। नारंगी पगड़ी वाला युवक पैर की जांच करवा रहा था, जबकि उसके साथ आया युवक दरवाजे के पास खड़ा था।
जिस समय डॉक्टर नारंगी पगड़ी वाले युवक की जांच कर रहे थे, उसी दौरान दरवाजे पर खड़े युवक ने जेब से पिस्टल निकाली।
दरवाजे पर खड़े युवक ने जेब से पिस्टल निकालकर डॉक्टर पर दो फायर किए। उनके बगल में बैठे व्यक्ति और अन्य स्टाफ ने डॉक्टर को संभाला।
अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए डॉक्टर की बेटी कैसे एक्टर बनी…
कॉलेज से बढ़ाया एक्टिंग की ओर कदम
- जमशेदपुर में जन्मी, मोगा की रहने वाली, अमृतसर में पली बढ़ीं: तानिया का जन्म झारखंड के जमशेदपुर में 6 मई 1993 को हुआ था। हालांकि, वह मूल रूप से पंजाब के मोगा की रहने वाली हैं। वह अमृतसर में पली-बढ़ीं और यहीं पर उन्होंने पढ़ाई की।
- थिएटर करते हुए लगातार 4 साल बेस्ट एक्ट्रेस रहीं: तानिया ने बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन (अमृतसर) से ग्रेजुएशन की। इसके बाद गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में एडमिशन लेकर एक्टिंग और मॉडलिंग की। इस दौरान साल 2012 से 2016 तक लगातार वह यूनिवर्सिटी में बेस्ट एक्ट्रेस भी बनी रहीं।
- पिता डॉक्टर बनाना चाहते थे, फिर भी एक्टिंग चुनी: कुछ इंटरव्यू तानिया बता चुकी हैं कि उनके पिता अनिल जीत सिंह पेशे से डॉक्टर हैं। वह चाहते थे कि तानिया भी डॉक्टर बनें, क्योंकि वह एक्टिंग को कोई पेशा नहीं मानते थे। हालांकि, तानिया की कॉलेज टाइम से ही एक्टिंग और मॉडलिंग में रुचि थी, इसलिए वह इसी लाइन में आगे बढ़ीं।
तानिया ने एमी विर्क की फिल्म किस्मत से डेब्यू किया था, लेकिन इसमें उनकी सपोर्टिंग रोल है। बाद में एमी विर्क की ही फिल्म सुफना में लीड रोल निभाने का मौका मिला।
पंजाबी फिल्मों में मिले मौके भुनाए
- 2018 में किया डेब्यू, पहले ही रोल से मिली पहचान: तानिया ने पंजाबी फिल्मों में अपना सफर 2018 की सुपरहिट फिल्म किस्मत से शुरू किया। इसमें उन्होंने फिल्म के लीड एक्टर एमी विर्क के रोल शिवजीत की मंगेतर अमनदीप का रोल किया है। यह रोल छोटा ही था, लेकिन इससे तानिया को पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में पहचान मिल गई। फिल्म में दर्शकों को तानिया की मासूमियत पसंद आई। इसके बाद तानिया को लगातार फिल्में और म्यूजिक वीडियो मिलते रहे।
- इन बड़ी फिल्मों में काम किया: तानिया की शुरुआत ब्लॉकबस्टर पंजाबी फिल्म किस्मत से हुई थी, इसलिए उन्हें लगातार फिल्में मिलती रहीं। उन्होंने रब्ब दा रेडियो 2 (2019), गुड्डियां पटोले (2019), सुफना (2020), इक संधू हुंदा सी (2020), किस्मत 2 (2021), लेख (2022), बाजरे दा सिट्टा (2022), ओए मखना (2022) और मित्रां दा ना चलदा (2023) जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया।
- 2 फिल्में भी लाइन में: इन फिल्मों में दर्शकों ने तानिया को खूब पसंद किया। इनके दम पर ही तानिया पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की टॉप हीरोइनों में शामिल हो गईं। उनकी अंतिम फिल्म मितरां दा ना चलदा थी, जोकि साल 2023 में रिलीज हुई थी। अब वह सुफना 2, इल्ती जैसी फिल्मों में नजर आएंगी।
तानिया की गिनती अब पंजाबी फिल्मों की टॉप एक्ट्रेस में है। वह कनाडा में रहती हैं। उनके पास वहां का PR भी है।
बॉलीवुड में मिला मौका भी ठुकराया
- थिएटर में बेस्ट एक्ट्रेस रहीं: तानिया को बॉलीवुड में भी काम करने का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकराया दिया। दरअसल उस समय तानिया यूनिवर्सिटी में पढ़ रही थीं और थिएटर में एक्टिंग कर रही थीं। वह 2012 से 2016 तक लगातार यूनिवर्सिटी के थिएटर में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीतती रहीं।
- सरबजीत फिल्म ऑफर हुई: इसी दौरान तानिया को सरबजीत फिल्म में काम करने का ऑफर मिला। साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म सरबजीत में रणदीप हुड्डा और ऐश्वर्या राय बच्चन लीड रोल में हैं। तानिया को इस फिल्म में सरबजीत की बेटी का रोल ऑफर हुआ था।
- एग्जाम की वजह से ठुकराई फिल्म: तानिया इस रोल को करना चाहती थीं, लेकिन फिल्म की शूटिंग की डेट और उनके फाइनल एग्जाम की डेट आपस में टकरा रही थीं। तानिया को पढ़ाई पूर करना ज्यादा जरूरी लगा, इसलिए उन्होंने फिल्म के ऑफर को ठुकरा दिया। उसके बाद तानिया को अब तक बॉलीवुड में काम करने का मौका नहीं मिला।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पंजाबी एक्ट्रेस के पिता को गोलियां मारने का CCTV:तानिया बोलीं-परिवार पर दुखद समय; मोगा में शूटर्स ने मारी गोलियां, धमकी भरी कॉल आई थी
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस तानिया इस वक्त गहरे सदमे में हैं। उनके पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर शुक्रवार (4 जुलाई) दोपहर को उनके ही क्लिनिक में गोली गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मोगा के कोट इसे खां इलाके स्थित उनके हरबंस नर्सिंग होम में हुई। शनिवार को डॉक्टर को गोली मारने का सीसीटीवी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें…