Starlink भारत में किन कीमतों पर अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विसेज देगी इसके बारे में कोई भी जानकारी अभी तक नहीं है। लेकिन Starlink की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस पड़ोसी देश भूटान में पहले से ही उपलब्ध है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत में ये सर्विसेज किस कीमत में दी जा सकती है। कंपनी ने अपने उपकरण बेचने के लिए जियो और एयरटेल के साथ भागीदारी की है। लेकिन कंपनी को सर्विसेज देने के लिए अभी कई अप्रूवल भारत सरकार से हासिल करने होंगे।
भूटान में Starlink सर्विसेज की बात करें तो यहां कंपनी 5 तरह के प्लान (via) के तहत सर्विसेज देती है। प्लान के अलावा हार्डवेयर पर भी लागत आती है। भारत की करंसी रुपया और भूटान की करंसी नगुलत्रम (BTN) वैल्यू में लगभग एक जैसी हैं। यानी उसी कीमत की सर्विसेज यहां लागू की जा सकती हैं।
भूटान में स्टैंडर्ड किट के लिए 33,000 BTN अदा करने होते हैं। इसके अतिरिक्त शिपिंग चार्ज भी है। यहां पर फ्लैट हाई परफॉर्मेंस स्टारलिंक किट के लिए 231,000 BTN देने होते हैं और मिनी किट के लिए 17,000 BTN चुकाने पड़ते हैं। शिपिंग चार्ज अलग से हैं। अंदाजा लग सकता है कि भारत में भी इनके लिए इतने ही रुपये खर्च करने होंगे।
स्टैंडर्ड और मिनी किट को घरेलू इस्तेमाल के लिए लगा सकते हैं। वहीं, फ्लैट हाई परफॉर्मेंस किट को बिजनेस उपयोग हेतु लगा सकते हैं। प्लान की बात करें तो भूटान में घरेलू प्लान 4,200 BTN प्रति महीना की कीमत पर मिलता है। इसमें 25 से 110 Mbps की स्पीड मिलती है।
बिजनेस प्लान में 50 से 220 Mbps तक की स्पीड मिलती है। ये प्लान 40GB, 1TB, 2TB और 6TB के विकल्प में खरीदे जा सकते हैं। इनकी कीमत क्रमशः 5900 BTN, 18000 BTN, 36000 BTN और 106,000 BTN प्रति महीना है। Mobile Priority प्लान 21,000 BTN से शुरू होता है। इसमें 50GB डेटा मिलता है। Residential Lite प्लान 3,000 BTN प्रति महीना से शुरू होता है। हो सकता है कि भारत में भी स्टारलिंक के प्लान्स की कीमत इसी के आसपास रह सकती है।